रायपुर : छत्तीसगढ़ में दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया रह रहा है, वहीं ठंडी हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को सुबह-शाम अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका है। इससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
Read More : M.P News : भोपाल में युवक की संदिग्ध मौत, शव के पास मिले ड्रग्स इंजेक्शन
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे ठंडा जिला अंबिकापुर रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं सबसे अधिक तापमान राजनंदगांव में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान लगभग 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ठंड को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।











