रायपुर: छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के अंबिकापुर सहित कई उत्तरी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए अगले 24 घंटे बाद राहत की संभावना जताई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे ठंड की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है।
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में राहत नहीं
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। यानी इन क्षेत्रों में ठंड का असर फिलहाल बना रहेगा।
शीतलहर की चेतावनी जारी
शुक्रवार को अंबिकापुर संभाग के एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ पॉकेट में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
तापमान का हाल
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ। शुक्रवार को प्रदेश में कहीं भी वर्षा नहीं हुई और मौसम शुष्क बना रहा।
रायपुर में धुंध का असर
राजधानी रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।











