Chhattisgarh Accident: धमतरी/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। धमतरी में शव लेकर जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें सवार नर्स की मौके पर मौत हो गई। वहीं सूरजपुर में बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। हादसे में उसकी भी जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Chhattisgarh Accident: धमतरी में एंबुलेंस हादसे का शिकार
पहली घटना धमतरी जिले में संबलपुर के पास हुई। जानकारी के मुताबिक एक एंबुलेंस मृत व्यक्ति का शव लेकर रायपुर से जगदलपुर जा रही थी। इसी दौरान संबलपुर के पास एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद ट्रैक्टर से जा भिड़ी।
नर्स की मौके पर मौत
हादसे में एंबुलेंस में सवार शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शबनम खान जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
सूरजपुर में बाइक समेत कुएं में गिरा युवक
Chhattisgarh Accident: दूसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव की है। यहां देर रात बाइक सवार एक युवक अनियंत्रित होकर बाइक समेत कुएं में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान ओड़गी क्षेत्र के घुई गांव निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।






