Chaitra Navratri Chhattisgarh : गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। शक्ति और शांति की आराधना का महापर्व ‘वासंतिक नवरात्रि’ नगर में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया है। मंगलवार को हिंदू नववर्ष के स्वागत के साथ ही नगर के देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। चैत्र प्रतिपदा के इस पावन अवसर पर घरघोड़ा के प्रमुख शक्तिपीठों और आस्था के केंद्रों में “या देवी सर्वभूतेषु…” के मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती का आह्वान किया गया।
आस्था के दीप और विशेष पूजन नगर के विभिन्न मंदिरों में पंडितों और श्रद्धालुओं द्वारा कलश स्थापना की गई। सुबह से ही श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली और जल लेकर देवी दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। मंदिरों के गर्भगृह आस्था के दीपों से जगमगा उठे हैं, जहाँ 9 दिनों तक अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित रहेगी। पूजन और हवन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अपने और परिवार के सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
26 मार्च को महाष्टमी और 27 को महानवमी पंडित विजय पंडा ने बताया कि इस वर्ष वासंतिक नवरात्रि महापर्व-2026 की तिथियां विशेष फलदायी हैं। उत्सव के दौरान महाष्टमी का पर्व 26 मार्च (गुरुवार) को मनाया जाएगा, जबकि महानवमी 27 मार्च (शुक्रवार) को संपन्न होगी। इन दोनों ही दिनों में नगर में विशेष उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ भंडारे एवं कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिंदू नववर्ष का उत्साहजनक स्वागत नवरात्रि के प्रथम दिन के साथ ही नगरवासियों ने हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) का भी भव्य स्वागत किया। लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और घरों में भगवा ध्वज फहराए। पूरा वातावरण भक्तिमय बयार से सराबोर नजर आ रहा है, जिससे घरघोड़ा में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।











