CG News: रायपुर की 4 दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

Rahul Goshwami

Raipur Food Department Action: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां गंदगी और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने में लापरवाही मिली। इसके बाद करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में यह निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीम ने तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी के साथ पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा की जांच की।निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए मौके पर करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया।

खोवा, पनीर और मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमों के तहत न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही नमूनों की गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।
Read More: CG Employees News: सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को 31 अक्टूबर तक करना होगा ये काम! विभाग ने जारी किए निर्देश

लाइसेंस निलंबित, तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश
निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। साथ ही कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े नियमों के पालन को लेकर की गई है।

खाद्य सुरक्षा में लापरवाही पर विभाग की चेतावनी
नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव एवं डोमेन्द्र ध्रुव मौजूद रहे।विभाग ने बताया कि शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share The News
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *