CG News : बीजापुर (छत्तीसगढ़)। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए जंगलों में बने चार माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई माओवादियों द्वारा घोषित शहीदी सप्ताह के दौरान की गई, जिसमें पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम शामिल रही।
Read More : CG News : आरोपी की पिटाई पुलिस को पड़ी भारी, ASI सस्पेंड, थाना प्रभारी लाइन अटैच
सूत्रों के अनुसार, यह अभियान बीते दो दिनों से थाना जांगला क्षेत्र के कोटमेटा, इदेर और इंगुम के घने जंगलों में चलाया गया। अभियान में जांगला और भैरमगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ की 214वीं बटालियन के जवानों की सक्रिय भागीदारी रही।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने इंद्रावती नदी के किनारे स्थित तीन अलग-अलग स्थानों पर बने माओवादी स्मारकों को नष्ट किया, वहीं कोटमेटा गांव में एक और स्मारक को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। ये स्मारक मारे गए माओवादियों की स्मृति में बनाए गए थे और उनका उपयोग संगठन की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए किया जाता था।
स्मारकों के साथ-साथ वहां मौजूद मंच, सभास्थल और अन्य प्रचार सामग्री भी बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को नक्सली विचारधारा पर “सीधे प्रहार” के रूप में बताया। उन्होंने कहा, “माओवादियों की सोच केवल हिंसा फैलाने की है। हमारा लक्ष्य केवल उनके ठिकानों को खत्म करना नहीं है, बल्कि उनकी प्रतीकात्मक शक्ति और समाज को गुमराह करने वाले विचारों को भी जड़ से समाप्त करना है। यह कार्रवाई उसी दिशा में एक अहम संदेश है।”
Read More : MP News : बुरहानपुर से दर्दनाक खबर : स्टोन डस्ट में दबकर दो मासूमों की मौत, डंपर चालक फरार
कार्रवाई के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में संतोष और राहत का माहौल देखा गया है। वर्षों से नक्सली गतिविधियों के कारण भय और असुरक्षा में जी रहे लोगों को अब सुरक्षाबलों से उम्मीद बंधती नजर आ रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी अन्य माओवादी ठिकानों के विरुद्ध की जाएगी।













