CG NEWS : रायगढ़ पुलिस की पहल, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए ट्रांसपोर्टरों के साथ अहम बैठक, सख्त दिशा-निर्देश जारी

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS : गौरी शंकर गुप्ता /रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर आज दिनांक 17 अप्रैल 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित कश्यप, ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह सहित छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा के ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित रणनीति तैयार करना रहा, जिसमें पुलिस, परिवहन विभाग, एनएच, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही पर जोर दिया गया।

CG NEWS : नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने बैठक में स्पष्ट किया कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं व्यावहारिक उपाय लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की विधिवत जांच करें तथा आवश्यकता पड़ने पर चालक से वाहन चलवाकर उसकी दक्षता का परीक्षण भी करें। साथ ही चालक का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराए जाने एवं यूनिफॉर्म में ही वाहन संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

CG NEWS : सीएसपी श्री मिश्रा ने बताया कि शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर रायगढ़ पुलिस लगातार ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ट्रांसपोर्ट संचालकों से अपेक्षा की कि वे अपने ड्राइवरों की इन-आउट प्वाइंट पर नियमित जांच करें तथा उन्हें पूर्व से ही सावधान करें कि वे लापरवाहीपूर्ण एवं खतरनाक ड्राइविंग से बचें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। उन्होंने लंबी दूरी के चालकों के लिए मुख्य मार्गों पर सुरक्षित पार्किंग एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्था विकसित करने पर भी बल दिया, जिससे चालक थकान से मुक्त होकर सुरक्षित ड्राइविंग कर सकें।

CG NEWS : जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित कश्यप ने ट्रांसपोर्टरों को ओवरलोडिंग से सख्ती से बचने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस एवं तकनीकी रूप से असुरक्षित वाहनों का संचालन दंडनीय अपराध है। वाहनों में रिफ्लेक्टर एवं इंडिकेटर लाइट की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया, ताकि रात्रिकालीन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

CG NEWS : ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने ट्रांसपोर्टरों की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक चालक का सत्यापन एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा उनका अद्यतन डाटाबेस तैयार कर यातायात कार्यालय से साझा किया जाए। साथ ही पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त जांच अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।

CG NEWS : बैठक में ट्रांसपोर्टरों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी गंभीरता से विचार किया गया, जिसमें नो-एंट्री समय में व्यावहारिक संशोधन, जूटमिल क्षेत्र के अटल चौक पर सड़क किनारे खड़े पुराने एवं कबाड़ वाहनों को हटाने, रायगढ़-खरसिया ट्रांसपोर्ट नगर के समीप कचरा जलाने से उत्पन्न धुएं के कारण कम होती दृश्यता की समस्या का समाधान, तथा रायगढ़-पुंजीपथरा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े परित्यक्त वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे। अधिकारियों ने इन सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

CG NEWS : एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

CG NEWS : “रायगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और चालकों की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सभी संबंधितों से अपेक्षा है कि वे नियमों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *