CG NEWS : गौरी शंकर गुप्ता /जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पत्थलगांव में एक कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
CG NEWS : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार में भारी मात्रा में गांजा रायगढ़ के रास्ते जशपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस वाहन का पीछा कर रही थी, जबकि पत्थलगांव पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास नाकाबंदी कर जाल बिछाया।
CG NEWS : चेकिंग के दौरान संदिग्ध टोयोटा कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक वाहन भगाने लगा। पीछा करने पर कार अनियंत्रित होकर एक नाले में फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
CG NEWS : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट और विजय पंडित के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 7 प्लास्टिक बोरों में 108 पैकेट गांजा मिला, जिसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम है।
CG NEWS : जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये और कार की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह कुल 56 लाख रुपये की जब्ती की गई है।
CG NEWS : पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से लाया गया था और इसे उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।











