CG News : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत महोत्सव में विकास की झलक बिखेरेगा बेमेतरा राज्योत्सव

VIKASH KHALKHO

जीतू गुप्ता, बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत महोत्सव वर्ष के अवसर पर जिला मुख्यालय बेमेतरा में 02 से 04 नवम्बर तक तीन दिवसीय भव्य जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव केवल एक समारोह नहीं, बल्कि प्रदेश की 25 वर्षों की विकास यात्रा, संस्कृति और उपलब्धियों की झलक प्रदर्शित करने का माध्यम बनेगा। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले इस राज्योत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। पूरा आयोजन उत्साह, सांस्कृतिक गरिमा और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं के अनुरूप संपन्न होगा।

Read More : CG News : कोंडागांव : माकड़ी के जड़कोंगा में पशुधन विकास विभाग का भव्य मेला, 42 उत्कृष्ट पशुपालक सम्मानित

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा, दिए विस्तृत निर्देश

आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज राज्योत्सव स्थल, बेसिक स्कूल मैदान पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने मंच व्यवस्था, अतिथियों के लिए बैठक व्यवस्था, विद्युत सज्जा, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद दिशा सभा कक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कलेक्टर ने राज्योत्सव की रूपरेखा पर गहन चर्चा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “राज्योत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और विकास यात्रा का प्रतीक है। प्रत्येक स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम राज्य की गरिमा के अनुरूप होने चाहिए।”

विकास प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा संगम

इस तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न विभागों द्वारा विकास पर आधारित जीवंत प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों में छत्तीसगढ़ सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और बेमेतरा जिले की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। कलेक्टर श्री शर्मा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन की उपलब्धियों पर और जनसंपर्क विभाग को प्रदेश की 25 वर्षों की विकास यात्रा दर्शाने वाली फोटो एवं दृश्य प्रदर्शनी तैयार करने के विशेष निर्देश दिए। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय स्कूली बच्चों और कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जिससे राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति का परिचय मिलेगा।

Read More : CG News : बालोद : हथौद-करहीभदर में गोवर्धन पूजा की अनूठी छटा, गांव की मिट्टी में रचा-बसा त्योहार

स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, नोडल अधिकारी नियुक्त

राज्योत्सव में स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, स्वयंसेवी संस्थाओं और उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शन हेतु आकर्षक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। यह पहल आत्मनिर्भर बेमेतरा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। राज्योत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला स्तरीय दायित्व तय कर दिए गए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पदमाकर को नोडल अधिकारी, जबकि अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मंच व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल और सजावट संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंप दी गई है।

1 नवम्बर को रोशनी की आभा में जगमगाएगा पूरा बेमेतरा शहर

राज्योत्सव के उत्साह को बढ़ाने के लिए राज्य स्थापना के रजत महोत्सव वर्ष के अवसर पर 1 नवम्बर की संध्या को बेमेतरा शहर विशेष रूप से आलोकित होगा। जिले के सभी शासकीय भवनों, प्रमुख चौक-चौराहों, कार्यालय परिसरों एवं ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों एवं जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे राज्योत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेकर छत्तीसगढ़ की एकता, गौरव और प्रगति की रोशनी से जगमगाते शहर का हिस्सा बनें तथा राज्य की संस्कृति, लोककला और विकास गाथा का उत्सव मनाएँ।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *