CG Crime: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर के मंगला इलाके में दशहरा उत्सव के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आपसी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा गया। घटना में दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
CG Crime: घर में घुसकर डंडों से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला का है। मंगलवार रात आपसी रंजिश को लेकर मोहल्ले के कुछ युवकों का विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों को निशाना बनाया गया। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
CG Crime: समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप
घटना के बाद पीड़ितों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराकर सुरक्षा की मांग की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में उन पर समझौता कर मामला दबाने के लिए दबाव बनाया गया। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मारपीट के मामले में अपराध दर्ज किया है।
CG Crime: वायरल VIDEO के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।