CAF Candidates : रायपुर : रायपुर में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के वेटिंग कैंडिडेट्स का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। नौकरी की मांग को लेकर बीते 108 दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों में से तीन को गृहमंत्री विजय शर्मा से मिलने पहुंचने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें बाद में जेल भेज दिया गया।
CAF Candidates : शनिवार को ये तीनों कैंडिडेट गृहमंत्री से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे थे। पुलिस ने उन पर तोड़फोड़, नारेबाजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की।
हालांकि अन्य अभ्यर्थियों का कहना है कि उनके साथियों पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। उनका दावा है कि वे केवल बातचीत करने गए थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया और गलत तरीके से FIR दर्ज कर जेल भेज दिया गया। कैंडिडेट्स का आरोप है कि शासन उनके आंदोलन को खत्म करने के लिए दबाव बना रहा है।
अभ्यर्थियों ने यह भी साफ किया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इससे पहले वे अलग-अलग मंत्रियों को खून से पत्र लिखकर नौकरी की मांग भी कर चुके हैं।
CAF Candidates : कैंडिडेट्स का कहना है कि गृहमंत्री के अधिकारियों द्वारा उन्हें लगातार मिलने से रोका जा रहा है। पहले की मुलाकातों में विजय शर्मा ने कभी कोर्ट जाने की सलाह दी, तो कभी मुख्यमंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
CAF Candidates : अभ्यर्थियों के अनुसार, रमन सिंह और बृजमोहन अग्रवाल ने उनकी मांग को जायज बताया है और समर्थन में पत्र भी लिखा है, फिर भी गृहमंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।











