M.P News : शाहपुर- मंदिर और स्कूल के पास शराब दुकान पर बवाल, महिलाओं का फूटा गुस्सा

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बुरहानपुर जिले के शाहपुर नगर के वार्ड नंबर 14 में शराब दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रहवासी इलाके में स्कूल और मंदिर के पास दुकान खुलने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

15 दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन

क्षेत्र की महिलाएं पिछले 15 दिनों से लगातार आंदोलन कर रही हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक दुकान का विरोध नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और धार्मिक आस्था की रक्षा की लड़ाई है।

शराबियों के जमावड़े से बिगड़ा माहौल

महिलाओं और रहवासियों का आरोप है कि दुकान खुलने के बाद से इलाके में शराबियों का जमावड़ा लगने लगा है। इससे न केवल माहौल खराब हुआ है, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

रहवासियों ने नगर परिषद और शाहपुर थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने खुद मोर्चा संभाल लिया और सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया।

जनप्रतिनिधि पहुंचे, दुकान कराई बंद

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वार्डवासियों का समर्थन करते हुए शराब ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी, जिसके बाद दुकान को बंद करा दिया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया।
Read more : भोपाल में आज शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा आंदोलन, जुटेंगे हजारों अभ्यर्थी

महिलाओं और बुजुर्गों की दो टूक

वार्ड निवासी लीलाबाई भोई ने कहा, “हम 15 दिन से विरोध कर रहे हैं। स्कूल और मंदिर के पास शराब दुकान बिल्कुल नहीं चलने देंगे।” वहीं संजीवनी महाजन ने बताया, “यहां रोज शराबी हंगामा करते हैं, बच्चों को स्कूल जाने में डर लगता है।”

दोबारा खुली दुकान तो होगा उग्र आंदोलन

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इस स्थान पर शराब दुकान खोली गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।यमुना बाई ने कहा, “मंदिर के पास शराब दुकान हमारी आस्था के खिलाफ है, इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

प्रशासन ने लिया संज्ञान

नगर परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है और वार्डवासियों के साथ मिलकर इस दुकान को दोबारा नहीं खुलने दिया जाएगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *