बुरहानपुर। Burhanpur News : जिले में केले की अधिक पैदावार होने के कारण किसानों को अक्सर मंडियों में अतिरिक्त हम्माली शुल्क चुकाना पड़ता था। खेत से ट्रक तक हम्माली देने के बाद भी मंडी तक ले जाने के नाम पर किसानों से मनमानी वसूली की जाती थी। लेकिन अब किसानों को इस ठगी से राहत मिलने वाली है।
Burhanpur News : किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए मंडी सचिव भूपेंद्र सोलंकी ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि किसान केवल खेत से गाड़ी तक ही हम्माली देने के लिए बाध्य होंगे। यदि कोई भी हम्माल ट्रक से मंडी तक की अतिरिक्त हम्माली की मांग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंडी सचिव ने कहा कि यह नियम किसानों के हक में है और इसका उल्लंघन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि अब उन्हें मंडियों में अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
इस फैसले से न केवल किसानों को राहत मिलेगी बल्कि हम्मालों की मनमानी पर भी लगाम लगेगी। अब देखने वाली बात होगी कि क्या सचमुच यह व्यवस्था धरातल पर लागू होती है और किसानों को इसका लाभ मिलता है।













