King Poster Out: शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म के नए पोस्टर में अभिनेता का अंदाज रोमांस और खतरनाक तेवरों का मेल दिखाता है। मुंह में गुलाब और हाथ में बंदूक लिए शाहरुख का लुक चर्चा में है। पोस्टर के साथ लिखी लाइन ‘कातिल नहीं… आशिक है…’ ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। इसकी वजह है अभिनेता की पुरानी फिल्म ‘बादशाह’ के एक चर्चित गाने से इसका कनेक्शन।
‘कातिल नहीं, आशिक है’ का क्या है मतलब?
‘किंग’ के पोस्टर के साथ दिया गया कैप्शन शाहरुख की फिल्म ‘बादशाह’ की याद दिलाता है। साल 1999 में आई इस फिल्म के गाने ‘आशिक हूं मैं, कातिल भी हूं’ के बोल काफी मशहूर हुए थे। ऐसे में नई फिल्म के पोस्टर पर लिखी लाइन को उसी गाने की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, यह पुरानी फिल्म के गाने से जुड़ा संदर्भ है या कहानी का कोई खास संकेत, इसे लेकर मेकर्स ने अलग से जानकारी नहीं दी है।
पहले भी दिखा था शाहरुख का डार्क लुक
‘किंग’ के टाइटल रिवील वीडियो ने भी पहले खूब चर्चा बटोरी थी। इसमें शाहरुख दमदार अंदाज में कहते नजर आए थे, ‘सौ देशों में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम- किंग।’ अभिनेता पहले ही बता चुके हैं कि फिल्म में उनका किरदार काफी डार्क और बेरहम है। उनके मुताबिक, यह ऐसा किरदार है जो लोगों की जान लेता है और जिसमें अच्छाई व बुराई के बीच की रेखा साफ नहीं है। ऐसे में फिल्म में शाहरुख का यह अलग रूप देखने को मिल सकता है।
सुहाना खान समेत ये सितारे आएंगे नजर
फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। इसके अलावा अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और राघव जुयाल भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जबकि रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
क्रिसमस पर रिलीज होगी ‘किंग’
शाहरुख खान की यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले पोस्टर और किरदार को लेकर सामने आ रही जानकारियों ने फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। अब फैंस को फिल्म के ट्रेलर और कहानी से जुड़ी अगली झलक का इंतजार है।