निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने पहले से निरस्त की गई 14 ट्रेनों को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी, जो पिछले कुछ दिनों से ट्रेनों के रद्द होने के कारण परेशान थे।
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते हुई थी निरस्ती
दरअसल, अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा था। इसी कारण कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया था। अब कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने इन ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से फिर से शुरू करने का फैसला लिया है।
कई जिलों को मिलेगा सीधा फायदा
इन ट्रेनों के दोबारा परिचालन से रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, गेवरारोड, झारसुगुड़ा और गोंदिया जैसे प्रमुख रूट के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह राहत भरी खबर है।
इन ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू
बहाल की गई ट्रेनों में रायगढ़-बिलासपुर, बिलासपुर-रायगढ़, रायपुर-गेवरारोड, कोरबा-रायपुर और बिलासपुर-कोरबा जैसे महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं। इसके अलावा गोंदिया-झारसुगुड़ा रूट की शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनें भी फिर से शुरू की गई हैं।
तारीखों के अनुसार शुरू हुआ संचालन
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन ट्रेनों का संचालन 3 अप्रैल से 7 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में शुरू किया जा रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें।











