Bilaspur Crime: बिलासपुर/कटघोरा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा जिले में मंगलवार सुबह अलग-अलग जगहों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। बिलासपुर के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जबकि कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के नवकोनिया तालाब में एक युवक की लाश तैरती हुई मिली। सूचना के बाद पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।
Bilaspur Crime: मुरूम खदान के तालाब में मिली महिला की लाश
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में ग्रामीणों ने एक महिला का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान का प्रयास कर रही है।
नवकोनिया तालाब में मिला युवक का शव
इधर, कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग के पास स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दो-तीन दिन पुराना हो सकता है शव
पुलिस के अनुसार, शव से दुर्गंध आ रही थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि युवक की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मौके के पास मिली लावारिस बाइक
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली है। पुलिस को आशंका है कि बाइक मृतक की हो सकती है। फिलहाल पुलिस बाइक के जरिए मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।
पहचान के लिए गांवों में कराई जा रही मुनादी
पाली पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना प्रसारित की है। व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों को भी शव के संबंध में सूचना दी गई है।
Bilaspur Crime: दोनों मामलों में जांच जारी
Bilaspur Crime: फिलहाल बिलासपुर और कोरबा पुलिस दोनों मामलों में शवों की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दोनों घटनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






