रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह राज्य के प्रमुख व्यापारिक ठिकानों पर छापेमारी की। जांच का केंद्र रहेजा ग्रुप, मीनाक्षी ट्रेडर्स और सुल्तानिया ग्रुप रहे। कार्रवाई का मकसद कस्टम मीलिंग, मनी लांड्रिंग और कोयला कारोबार से जुड़ी संभावित अनियमितताओं की जांच करना बताया जा रहा है।
रायपुर के जवाहर मार्केट स्थित रहेजा ग्रुप के संचालक संजय रहेजा के घर और कार्यालय पर ED की टीम सुबह से ही मौजूद रही। टीम ने दस्तावेज, फाइलें और वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने संजय रहेजा से उनके कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संभावित मनी लॉड्रिंग के संबंध में पूछताछ की।
बिलासपुर के क्रांति नगर में मीनाक्षी ट्रेडर्स और सुल्तानिया ग्रुप के आवासीय और कारोबारी ठिकानों पर ED पहुंची। जानकारी के अनुसार, सुल्तानिया परिवार का संबंध कोयला घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से रहा है। टीम वहां दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है और समूह से जुड़े अधिकारियों और कारोबारियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारों का कहना है कि ED की यह कार्रवाई कोयला घोटाले, शराब घोटाले और मनी लांड्रिंग से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गड़बड़ी की जांच का हिस्सा है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले में आय से अधिक संपत्ति और बैंक स्टेटमेंट समेत अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
मीनाक्षी सेल्स और सुल्तानिया ग्रुप का कारोबार कोयला, सीमेंट, छड़, स्टील और ट्रेडिंग में फैला हुआ है। सूत्रों के अनुसार, ED इस कार्रवाई में समूह के वित्तीय लेन-देन और संभावित अवैध गतिविधियों की जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान बिलासपुर और रायपुर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ED टीम ने दो गाड़ियों में बिलासपुर के क्रांति नगर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की। अधिकारियों ने पूरे दिन समूह से जुड़े कई कारोबारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की।
Read More : CG News : उड़िदगाँव स्कूल के पीतांबर नेताम और कृतिका मरकाम का राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता (गोवा) के लिए चयन
ED ने फिलहाल इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कार्रवाई मनी लांड्रिंग और कोयला कारोबार से जुड़ी गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद की गई है। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई अभी जारी है और भविष्य में अन्य ठिकानों पर भी जांच की संभावना है।











