शहडोल। Big Fraud : मध्यप्रदेश के शहडोल में एक फोटोग्राफर को लोन का झांसा देकर साइबर ठगों ने उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया और फिर उस खाते का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड की गतिविधियों में कर डाला। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित राम दयाल बर्मन को हिमाचल प्रदेश साइबर क्राइम ब्रांच और बेंगलुरु नॉर्थ डिवीजन क्राइम ब्रांच से नोटिस मिला।
जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक शर्मा और शशांक तिवारी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर राम दयाल को विश्वास में लिया और उसके नाम से अनूपपुर में एक बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक से जुड़े सभी दस्तावेज जैसे पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और ओटीपी खुद रख लिए और उसी का इस्तेमाल कर खाते से 46 लाख 3 हजार रुपये का लेन-देन किया।
राम दयाल को न तो पैसे के ट्रांजेक्शन की भनक लगी और न ही उन्होंने इसकी अनुमति दी थी। नोटिस मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर शहडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि ये आरोपी संगठित साइबर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जो भोले-भाले लोगों को लोन और स्कीमों के नाम पर फंसा कर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हैं।













