Bhopal Metro : भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल के इतिहास में 20 दिसंबर 2025 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो का विधिवत लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक पल के साथ ही भोपाल देश का 26वां मेट्रो शहर बन गया है। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने सुभाष नगर डिपो से एम्स स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में सफर कर सुविधाओं का जायजा लिया।
Bhopal Metro : समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मध्य प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए कहा कि इंदौर के बाद अब भोपाल को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत मेट्रो नेटवर्क की लंबाई के मामले में वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है। खट्टर ने इंदौर मेट्रो का जिक्र करते हुए कहा कि वहां दूसरी लाइन को लेकर आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर कर लिया गया है और अब इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो भी चलेगी। उन्होंने जोर दिया कि बढ़ती शहरी आबादी के लिए मेट्रो न केवल यातायात सुगम करेगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी सहायक होगी।
Bhopal Metro : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बरसों का इंतजार आज खत्म हो गया है। एक साल के भीतर इंदौर के बाद भोपाल को मेट्रो की सौगात मिलना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीएम ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही मेट्रो के क्षेत्र में अमेरिका जैसे देशों को पीछे छोड़ देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम का मध्य प्रदेश से विशेष स्नेह है, जिसका परिणाम प्रदेश में दिख रहे विकास कार्यों के रूप में सामने है।
Bhopal Metro : मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीण विकास और रेलवे की अन्य उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ शहरों को मेट्रो मिल रही है, तो दूसरी तरफ ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में वंदे भारत ट्रेनों का जाल बिछ रहा है। भोपाल मेट्रो के शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यह राजधानी की आधुनिक पहचान बनेगी।
Bhopal Metro : लोकार्पण के मुख्य कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पहुँचे, जहाँ उन्होंने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उद्घाटन विशेष ट्रेन में दोनों नेताओं के साथ कई मंत्री और विधायक भी सवार हुए। मेट्रो ट्रेन फूलों से सजी हुई थी और जैसे ही यह ट्रैक पर दौड़ी, वहां मौजूद नागरिकों ने तालियों के साथ इसका स्वागत किया। शुरुआती चरण में यह मेट्रो 7 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी, जिससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।









