भोपाल: राजधानी भोपाल में थाना गौतम नगर पुलिस को चोरी के एक बड़े मामले में अहम सफलता हाथ लगी है। थाना टीला जमालपुरा का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश सुनील पंथी अपनी पत्नी रानी पंथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब ₹4 लाख 75 हजार मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
सूने मकान को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार यह चोरी 28 दिसंबर 2025 की रात को की गई थी। आरोपी ने गौतम नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक सूने मकान की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया और कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गया। पीड़िता सोनू यादव की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

CCTV और मुखबिर तंत्र से खुला राज
गौतम नगर पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की। साथ ही सक्रिय मुखबिर तंत्र को भी लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस हिस्ट्रीशीटर सुनील पंथी तक पहुंचने में सफल रही।
15 आपराधिक मामले, 3 बार जिला बदर
आरोपी सुनील पंथी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह तीन बार जिला बदर भी किया जा चुका है, इसके बावजूद आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था।
पत्नी की भूमिका भी उजागर
पूछताछ में आरोपी की पत्नी रानी पंथी ने भी चोरी के जेवरात को खपाने में मदद करने की बात कबूल की है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई आरी समेत सभी जेवरात विधिवत जब्त कर लिए हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस पूरी कार्रवाई को गौतम नगर पुलिस टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली का नतीजा बताया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम के कार्य की सराहना की है और आगे भी सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।











