भोपाल। Bhopal News : राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत बागरोदा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गौशाला में खेलते-खेलते 5 साल की मासूम बच्ची गोबर के गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
Bhopal News : जानकारी के अनुसार, गौशाला में मजदूरी करने वाले परिवार की यह बच्ची अपने बड़े भाई के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते अचानक वह नजरों से ओझल हो गई। खोजबीन के बाद पता चला कि वह खाद बनाने के लिए बनाए गए गोबर संग्रहण गड्ढे में गिर गई है। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची ने रास्ते में ही प्राण त्याग दिए।
कटारा हिल्स पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।











