Friday, September 25, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal भोपाल : लिफ्ट के नीचे दबे बुजुर्ग, मौत के 10 दिन तक...

भोपाल : लिफ्ट के नीचे दबे बुजुर्ग, मौत के 10 दिन तक वहीं पड़ी रही लाश बदबू आने पर मचा हड़कंप

भोपाल : राजधानी भोपाल की पॉश कॉलोनियों में शुमार चिनार ड्रीम सिटी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मिसरोद थाना क्षेत्र में रहने वाले 77 वर्षीय बुजुर्ग गिरी गोस्वामी की लिफ्ट के डक्ट में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि उनका शव करीब 10 दिनों तक लिफ्ट के डक्ट में पड़ा रहा और इसी दौरान लिफ्ट का संचालन होता रहा।

10 दिन तक डक्ट में पड़ा रहा शव

पुलिस के अनुसार, गिरी गोस्वामी कई दिन पहले अपने घर से किसी काम के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, सोसाइटी की लिफ्ट से तेज बदबू आने लगी, जिससे रहवासियों को अनहोनी की आशंका हुई।

बदबू से खुला मौत का राज

जब सोसाइटी प्रबंधन और पुलिस ने लिफ्ट को ऊपर उठाकर डक्ट की जांच की, तो नीचे बुजुर्ग का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लिफ्ट खराब थी और बुजुर्ग संतुलन बिगड़ने के कारण डक्ट में गिर गए। इसके बाद लगातार लिफ्ट चलती रही, जिससे शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पहले भी की गई थीं शिकायतें

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि चिनार ड्रीम सिटी की कई लिफ्टें लंबे समय से खराब हैं। इसकी शिकायतें सोसाइटी प्रबंधन से कई बार की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों का आरोप है कि समय रहते लिफ्टों की मरम्मत और सुरक्षा जांच होती, तो यह हादसा टल सकता था।

प्रशासन और प्रबंधन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कॉलोनी प्रबंधन, मेंटेनेंस एजेंसी और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लिफ्ट मेंटेनेंस से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here