Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतर्राज्यीय सीमा पर गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपये है।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा परिवहन के लिए इस्तेमाल कंटेनर, पायलटिंग कर रही KIA Carens कार और 9 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर NH-53 में नाकेबंदी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर क्रमांक RJ 14 GV 0484 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लाया जा रहा है। कंटेनर की पायलटिंग KIA Carens क्रमांक OD 11 AC 3003 से किए जाने की जानकारी भी मिली थी।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद टीम ने पहले पायलटिंग कार और उसके पीछे आ रहे कंटेनर को रोककर तलाशी ली।
कंटेनर की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस के मुताबिक, पायलटिंग कार में चार और कंटेनर में तीन लोग सवार थे। पूछताछ के दौरान कंटेनर में गांजा होने की जानकारी सामने आई। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर जिले के रेडाखोल से लोड कर नागपुर, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
तलाशी के दौरान कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया गया।
ये आरोपी गिरफ्तार
कंटेनर से गिरफ्तार आरोपी:
इरफान अली, 33 वर्ष, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
शिवम सिंह पाल, 26 वर्ष, कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश
आरिफ अली, 23 वर्ष, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
पायलटिंग कार से गिरफ्तार आरोपी:
सुजीत स्वाई, 32 वर्ष, बौध, ओडिशा
मानस रंजन, 40 वर्ष, बौध, ओडिशा
कृष्णचंद प्रधान, 50 वर्ष, संबलपुर, ओडिशा
आनंद साहू, 24 वर्ष, बौध, ओडिशा
1.05 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल 1,05,09,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें 55.67 लाख रुपये का गांजा, करीब 40 लाख रुपये कीमत का कंटेनर, 8.50 लाख रुपये की KIA Carens और करीब 92 हजार रुपये कीमत के 9 मोबाइल फोन शामिल हैं।
Mahasamund News: NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
Mahasamund News: पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 20(B)(II)(C) और 29(1) NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।






