बेमेतरा। देवकर तहसील के ग्राम नौकेसा में कोतवाल नियुक्ति को लेकर कोतवाल संघ का विरोध गहरा गया है। ग्राम कोटवार मुकेश नेताम को हटाकर उनके स्थान पर गैर वंशज व्यक्ति को कोटवार नियुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ संघ ने अनिश्चित कालीन हड़ताल का आज ग्यारवा दिन पूरा किया।
संघ ने अपने बड़े पदाधिकारियों के नेतृत्व में नगर में रैली निकालकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों और संघ का आरोप है कि नियुक्ति में पैसों की लेन-देन कर गलत तरीके से कार्य किया गया। संघ की मांग है कि जिले में ऐसी सभी गलत नियुक्तियों को शून्य किया जाए।
Read News : CG News : बालोद : नगर परिषद की बैठकें रुकीं, विकास कार्य ठप, पार्षदों ने जताई नाराज़गी
वर्तमान तहसीलदार का कहना है कि उन्हें नियुक्ति की प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर किसी पक्ष को नियुक्ति में कोई गलती दिखती है, तो संबंधित व्यक्ति एसडीएम के समक्ष अपील कर सकता है।
इस बीच, मुकेश नेताम का न्यायालय में आपराधिक प्रकरण चल रहा है। ग्राम पंचायत नौकेसा ने भी प्रस्ताव और अनुशंसा की थी कि उन्हें कोटवार नहीं बनाया जाए। संघ का कहना है कि आपराधिक प्रकरण होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करना जरूरी है और किसी के वंशज को नियुक्त करना संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।
कोतवाल संघ का विरोध और हड़ताल पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनका कहना है कि प्रशासन और सरकार जल्द कार्रवाई करें, अन्यथा हड़ताल और आंदोलन तेज किए जाएंगे।













