Bastar Dussehra: बस्तर दशहरा में रथ का रूट बदलते ही मचा हड़कंप, श्रद्धालुओं पर गिरा बिजली का खंभा, जानिए फिर क्या हुआ

Sanjay Sahu
Bastar Dussehra

Bastar Dussehra: बस्तर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का मार्ग बदलने से बड़ा हादसा हो गया। सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर बढ़े रथ की चपेट में बिजली का खंभा आ गया, जो वहां मौजूद श्रद्धालुओं के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा में है।

Bastar Dussehra: जानकारी के मुताबिक, फूल रथ निर्धारित परिक्रमा मार्ग से हटकर यामाहा शोरूम के सामने पहुंच गया। इसी दौरान रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर लगते ही खंभा गिर पड़ा और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बिजली के तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, वरना हादसा और गंभीर हो सकता था। अचानक बदले रास्ते से स्कूटी सवार भी बाल-बाल बचा। रथ के तेजी से दूसरी दिशा में बढ़ने के कारण वह उसकी चपेट में आने से बच गया।

व्यवस्था संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

रथ के अचानक सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर जाने से मौके पर व्यवस्था बिगड़ गई। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, हालात सामान्य करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Bastar Dussehra: रूट बदलने को लेकर उठे सवाल

Bastar Dussehra: स्थानीय लोगों के मुताबिक, रथ खींचने वाले समूह में शामिल कुछ लोगों ने अचानक मार्ग बदल दिया और रथ को तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींच लिया। इस घटना के बाद लोगों में नाराजगी है। हादसे के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच भी चिंता का माहौल है। बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा देखने पहुंचे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अचानक रूट बदलने और बिजली के खंभे के गिरने की इस घटना ने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Share The News
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *