निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के बड़वानी शहर के झामरिया गार्डन क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद होने से स्थानीय रहवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में नाला और पाइपलाइन निर्माण कार्य के दौरान 8 से 10 घरों की पाइपलाइन टूटने का आरोप लगाया गया है, जिससे पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, जल संकट गहराया
स्थानीय निवासी राजमल मारू ने बताया कि खुदाई और नाला निर्माण कार्य के दौरान कर्मचारियों की लापरवाही से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संबंधित कर्मचारी ठीक से जवाब नहीं देते और दादागिरी से पेश आते हैं।उनका कहना है कि नालों के ऊपर घटिया सामग्री डाली जा रही है, जिससे पाइप बार-बार फूट रहे हैं। फिलहाल लोग बाहर से पानी लाकर घर चला रहे हैं और पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
महिलाओं की बढ़ी परेशानी
क्षेत्र की सरोज कुमावत ने बताया कि पहले नियमित रूप से पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन जैसे ही खुदाई शुरू हुई, पानी आना बंद हो गया। उन्होंने कहा कि पांच-छह दिनों से क्षेत्र के लोग परेशान हैं और समस्या कब तक सुलझेगी, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा।
खुले गड्ढों से हादसे का डर
रहवासियों का कहना है कि आगे निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन पीछे टूटे पाइप और खुले गड्ढों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। कई जगह गड्ढों में लोग गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
नगर पालिका से हस्तक्षेप की मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि वह सीधे हस्तक्षेप कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कराए और नियमित जल आपूर्ति बहाल करे। लोगों का कहना है कि पहले पानी की व्यवस्था संतोषजनक थी, लेकिन मौजूदा हालात से जनता में नाराजगी बढ़ रही है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है और प्रभावित परिवारों को राहत मिलती है।











