बरगी हादसे के बाद बड़ा खुलासा! जिस क्रूज में गई 13 जानें, उसी पर हुई थी जिला पंचायत की मीटिंग

Rahul Goshwami

जबलपुर के बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद अब एक वायरल वीडियो ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे वाले क्रूज पर हुई थी अधिकारियों की बैठक

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 10 अप्रैल का बताया जा रहा है। वीडियो में वही क्रूज नजर आ रहा है, जो हादसे का शिकार हुआ था। जानकारी के अनुसार, उस दिन जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक इसी क्रूज पर आयोजित की गई थी।

वीडियो में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि क्रूज पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि वीडियो में किसी भी व्यक्ति ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी है।
Read more : Health System Failure : बरगी CHC की बदहाली: रात में सिर्फ एक नर्स के भरोसे अस्पताल, डॉक्टर नदारद और जिम्मेदार मौन

सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी

वायरल फुटेज में अधिकारी और जनप्रतिनिधि बैठक करते, फोटो खिंचवाते और क्रूज पर घूमते नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान ड्रोन कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई थी।

वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब जिम्मेदार अधिकारी खुद सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, तो आम लोगों से सुरक्षा मानकों के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

बरगी विधानसभा के पूर्व विधायक संजय यादव ने वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खुद सुरक्षा नियमों की अनदेखी की।उन्होंने कहा कि जब प्रशासनिक अधिकारी बिना लाइफ जैकेट क्रूज पर बैठक करेंगे, तो इससे गलत संदेश जाएगा। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

हादसे के बाद बढ़ा प्रशासन पर दबाव

बरगी डैम हादसे के बाद पहले ही क्रूज संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन पर दबाव और बढ़ गया है।लोग मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यह तय किया जाए कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी के लिए कौन जिम्मेदार है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *