Balrampur News: चलगली/बलरामपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को बलरामपुर जिले के तहसील ग्राम चलगली में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर के दिशा-निर्देश पर अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा सेतु एवं समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
चलगली में आयोजित शिविर में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों की जानकारी लेकर पात्र मामलों में मौके पर समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
Balrampur News: शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद रहे। जनपद पंचायत के सीईओ निजामुद्दीन के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी को सुविधाजनक बताते हुए शिविर के आयोजन की सराहना की।






