बलरामपुर। जिला मुख्यालय के पास नेशनल हाइवे-343 पर रविवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सुहानी ढाबा के समीप खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क का मोड़ बेहद संकरा और ब्लाइंड स्पॉट वाला है, जहां तेज गति से वाहन मोड़ लेने पर हादसे की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद ट्रक चालक बिना रुके फरार हो गया।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुट गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।











