Bacheli News:फकरे आलम खान, बचेली/ बचेली। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC प्रबंधन के खिलाफ बेरोजगार युवाओं और 12 पंचायतों के लोगों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी L1 और L2 भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने तथा चयनित उम्मीदवारों को NMDC में स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रबंधन भर्ती परीक्षा शुरू करने की तारीख लिखित में बताए। मांग पूरी होने तक आंदोलन समाप्त करने के मूड में प्रदर्शनकारी नजर नहीं आ रहे हैं।
धरना स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधि, दिया समर्थन
आंदोलन के दूसरे दिन जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा धरना स्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों की मांगों को जायज बताते हुए समर्थन दिया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम भी लगातार धरना स्थल पर मौजूद रहकर युवाओं का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
भर्ती की तारीख लिखित में देने की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि L1 और L2 भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। वे चाहते हैं कि NMDC प्रबंधन जल्द परीक्षा शुरू करने की तारीख घोषित करे और चयनित अभ्यर्थियों को स्थायी नौकरी देने के संबंध में स्पष्ट जानकारी लिखित में दे। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
परिवहन प्रभावित, आंदोलन के असर पर भी चर्चा
इस बीच क्षेत्र में NMDC के खनिज परिवहन की स्थिति को लेकर भी चर्चा हो रही है। जानकारी के मुताबिक, रेल पटरी बाधित होने से विशाखापट्टनम की ओर रेल परिवहन प्रभावित है। वहीं, दशहरा मेले के कारण दंतेवाड़ा में ट्रकों की आवाजाही भी प्रभावित बताई जा रही है। ऐसे में आंदोलन का प्रबंधन पर कितना असर पड़ेगा, यह देखना होगा। दूसरी ओर, किरंदुल में उत्पादन और परिवहन सामान्य गति से चलने की जानकारी सामने आई है।
Bacheli News:अधिकारियों ने अधिकारों का दिया हवाला
Bacheli News:प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, बचेली के अधिकारियों का कहना है कि भर्ती से जुड़े फैसले लेने का अधिकार उनके पास नहीं है और वे इस मामले को उच्च स्तर पर रखेंगे। हालांकि, प्रदर्शनकारी अब ठोस निर्णय और लिखित समयसीमा की मांग कर रहे हैं। फिलहाल NMDC गेट पर धरना जारी है। अब देखना होगा कि प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।


