Azad Nagar Drugs News : इंदौर। इंदौर पुलिस की नशा विरोधी मुहिम को मंगलवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब आजाद नगर पुलिस ने मदीना नगर क्षेत्र में दबिश देकर एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी जा रही है।
शादीशुदा महिला बनी नशे की सप्लायर पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान सना खान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सना मूल रूप से खजराना क्षेत्र की रहने वाली है और शादीशुदा है। वह पिछले कुछ समय से मदीना नगर में सोहेल खान नामक युवक के साथ रह रही थी और दोनों मिलकर इलाके में नशीले पदार्थों का नेटवर्क चला रहे थे।
‘टोकन’ के जरिए बेचते थे जहर डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने मंगलवार शाम 4 बजे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये दोनों आरोपी मदीना नगर और आसपास की बस्तियों में छोटी-छोटी पुड़िया और ‘टोकन’ के माध्यम से ब्राउन शुगर बेचने का काम करते थे। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच शुरू आजाद नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि तस्करों को यह माल कहाँ से सप्लाई होता था और शहर में उनके अन्य साथी कौन हैं। डीसीपी ने संकेत दिए हैं कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही कुछ अन्य बड़ी गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।











