भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने अवैध सट्टा और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने अशोक नगर में सक्रिय सट्टा संचालन के आरोपी आज़ाद खान से जुड़ी KGN साख सहकारी संस्था मर्यादित पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सभी वित्तीय ट्रांजेक्शन पर तत्काल रोक
मंत्री सारंग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि वार्ड क्रमांक-10, अशोक नगर स्थित इस क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के सभी प्रकार के वित्तीय लेनदेन तत्काल बंद किए जाएं। जब तक जांच प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक किसी भी तरह का लेनदेन मान्य नहीं होगा।
7 दिन में जांच रिपोर्ट तलब
सहकारिता मंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया है कि मामले की गहन, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की जाए और 7 दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या अपराध प्रमाणित होता है, तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

पहले से जेल में बंद है आरोपी
जानकारी के अनुसार, आज़ाद खान के खिलाफ सट्टा संचालन सहित कई आपराधिक मामलों में पहले से कार्रवाई चल रही है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। उसके द्वारा संचालित अथवा उससे जुड़ी आर्थिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर लंबे समय से संदेह जताया जा रहा था।
अवैध धन लेनदेन की जांच तेज
अवैध धन के उपयोग और मनी ट्रेल की आशंका को देखते हुए क्रेडिट सोसायटी की गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया गया है। सरकार का कहना है कि सहकारी संस्थाओं की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











