Avinash Builders GST Raid: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में GST विभाग ने अविनाश बिल्डर्स से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि जीई रोड स्थित मारुति बिजनेस पार्क, मैग्नेटो मॉल समेत शहर के कई स्थानों पर विभाग की टीम जांच कर रही है। यह कार्रवाई पिछले दो दिनों से जारी होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, GST विभाग को अविनाश बिल्डर्स से जुड़े कारोबार में कथित GST अनियमितता की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के लिए GST विभाग के करीब 7 अधिकारियों की टीम के पहुंचने की बात सामने आई है।
मारुति बिजनेस पार्क और मैग्नेटो मॉल के अलावा चौबे कॉलोनी और आमानाका क्षेत्र स्थित कुछ रिहायशी परिसरों में भी टीम द्वारा जांच किए जाने की जानकारी है। अधिकारियों की ओर से संबंधित दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और कथित तौर पर बोगस बिल भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन दस्तावेजों में किसी तरह की अनियमितता या GST चोरी की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
GST विभाग की टीम अलग-अलग ठिकानों से मिले दस्तावेजों, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन और GST से संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है।
फिलहाल कार्रवाई जारी
Avinash Builders GST Raid: GST विभाग की कार्रवाई फिलहाल जारी है। छापेमारी पूरी होने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में कितनी राशि की कथित GST अनियमितता सामने आती है और विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल विभाग की ओर से संभावित GST चोरी की राशि को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






