Attempt to Murder Arrest : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेंदूभाठा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक पति ने आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी पर लोहे के हसिया (परसूल) से जानलेवा हमला कर दिया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता संतोषी महंत और आरोपी तुलेश्वर चौहान (निवासी सक्ती) ने वर्ष 2011 में प्रेम विवाह किया था। हाल ही में दोनों अपने दामाद संतोष दास महंत के घर मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने तेंदूभाठा आए थे। 12 मार्च की रात करीब 11 बजे पुरानी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि तुलेश्वर ने गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले धारदार हसिया से संतोषी के गर्दन और ठुड्डी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अस्पताल में भर्ती, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया। महिला के गर्दन, ठुड्डी और हाथों की उंगलियों में गहरे जख्म आए हैं। प्रार्थी संतोष दास की रिपोर्ट पर पुलिस ने शुरुआत में विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया था, लेकिन चिकित्सकीय रिपोर्ट और चोट की गंभीरता को देखते हुए मामले में ‘हत्या के प्रयास’ की धारा 109(1) बीएनएस (BNS) जोड़ी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी तुलेश्वर चौहान (39 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना लोहे का हसिया भी बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी की कड़ी चेतावनी मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले में हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों और कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।











