Ambikapur News: फर्जी पट्टे और दस्तावेजों से कोर्ट में जमानत कराने वाला गिरोह पकड़ा, 7 आरोपी गिरफ्तार

Sanjay Sahu
Ambikapur News

Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने न्यायालय में फर्जी पट्टा पुस्तिका और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए आरोपियों की जमानत कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 फर्जी किसान पट्टा पुस्तिकाएं, फर्जी आधार कार्ड, 6 मोबाइल फोन, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, दो प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस बरामद किए गए हैं।

Ambikapur News: पुलिस को 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्यायालय परिसर में फर्जी पट्टा पुस्तिका और आधार कार्ड के जरिए जरूरतमंद आरोपियों से संपर्क कर पैसे लेकर उनकी जमानत कराने का काम कर रहे हैं। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

Ambikapur News: कला केंद्र मैदान से 5 संदिग्ध पकड़े गए

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर कला केंद्र मैदान में दबिश दी। यहां चबूतरे के पास पांच संदिग्ध पुरुष और महिलाएं मिले। पूछताछ में उनकी पहचान बुधराम गोंड, अजय मानिकपुरी उर्फ जयलाल, रामेश्वरी यादव, दशमेत गोंड और ममता पैकरा उर्फ बिलासो के रूप में हुई।

पुलिस ने फर्जी पट्टों के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने इन्हें स्कूटी की डिक्की में रखना बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी से 5 किसान पट्टा पुस्तिकाएं और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पट्टा पुस्तिकाओं पर फर्जी सील और हस्ताक्षर से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं।

पैसे लेकर कराते थे जमानत

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे फर्जी पट्टों के जरिए न्यायालय में जमानत कराने के लिए जरूरतमंद आरोपियों की तलाश करते थे और बदले में उनसे पैसे लेते थे। पुलिस का दावा है कि इस तरीके से पहले भी कई लोगों की जमानत कराई जा चुकी है।

जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अंबिकापुर के पट्टा दलाल राज जायसवाल से फर्जी पट्टे मिलने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने राज जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

फर्जी पट्टा तैयार करने वाले तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बुधराम गोंड और राज जायसवाल ने नवापारा, अंबिकापुर निवासी शशिभूषण सिंह से फर्जी पट्टा तैयार कराने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने शशिभूषण सिंह को भी हिरासत में लिया।

Ambikapur News: पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *