Akaltara News: अजय यादव /अकलतरा। नगर के शर्मा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पेट्रोल डलवाने पहुंचे कई वाहन मालिकों ने बताया कि उनके वाहनों में ईंधन भरवाने के तुरंत बाद गाड़ियां बंद हो गईं। इस घटना को लेकर ग्राहकों और पेट्रोल पंप संचालक के बीच जमकर बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Akaltara News: प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के बाद कुछ वाहन अचानक बंद हो गए, जिसके बाद वाहन मालिकों ने सामने स्थित एक गैरेज में अपनी गाड़ियों की जांच कराई। वहां मौजूद मेकेनिक ने प्रारंभिक जांच में बताया कि पेट्रोल के साथ पानी मिलने की वजह से इंजन ने काम करना बंद कर दिया है।
Akaltara News: घटना के बाद नाराज ग्राहकों ने पेट्रोल पंप संचालक से जवाब-तलब किया, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब व्यापक रूप से वायरल हो रहा है।
Akaltara News: मामले में एक पीड़ित ग्राहक ने क्षेत्र के इंडियन ऑयल सेल्स अधिकारी से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच करने के बजाय फोन पर ही पेट्रोल को सही बताते हुए मामले को खारिज कर दिया। इससे पीड़ितों में और अधिक आक्रोश देखा गया।
Akaltara News: पीड़ित वाहन मालिकों का कहना है कि यदि समय रहते मौके पर जांच की जाती तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि जिन वाहनों को नुकसान हुआ है, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
Akaltara News: फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और प्रभावित वाहन मालिकों को उचित समाधान मिल सके।







