Ahmedabad Plane Crash : हवा में बिखरे अरमान, लंदन में बसने निकले थे… मौत ले गई सबकुछ…पूरा परिवार तबाह….

Parivesh
Ahmedabad Plane Crash

अहमदाबाद/बांसवाड़ा, 12 जून 2025। Ahmedabad Plane Crash : गुरुवार की दोपहर देश के लिए मनहूस साबित हुई जब अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गई। हादसे में अब तक 241 लोगों की मौत और 50 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है। लेकिन इस विमान दुर्घटना की सबसे मार्मिक कहानी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से सामने आई है, जहां से प्रतीक जोशी अपने पूरे परिवार के साथ इस फ्लाइट में सवार थे।

Ahmedabad Plane Crash : प्रतीक जोशी, जो पिछले छह वर्षों से लंदन में रह रहे थे, इस बार अपने पत्नी डॉ. कोमी व्यास और तीन बच्चों के साथ स्थायी रूप से लंदन बसने के इरादे से सफर पर निकले थे। डॉ. कोमी ने दो दिन पहले ही अपने मेडिकल प्रोफेशन से इस्तीफा दिया था, ताकि वह नए जीवन की शुरुआत अपने परिवार के साथ विदेश में कर सकें। जुड़वां बेटियां और एक छोटा बेटा भी इस भविष्य की यात्रा का हिस्सा थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

इस हादसे ने पूरे बांसवाड़ा समेत राजस्थान को सदमे में डाल दिया है। राज्य सरकार ने पुष्टि की है कि इस विमान हादसे में राजस्थान के 10 लोगों की जान गई है। इनमें बांसवाड़ा से प्रतीक जोशी का परिवार (5 सदस्य), उदयपुर से 4 और बालोतरा से खुशबू राजपुरोहित शामिल हैं। उदयपुर के मार्बल कारोबारी पिंकू मोदी के बेटे शुभ मोदी (24) और बेटी शगुन मोदी (22) के साथ ही रुंडेडा गांव के वर्दी चंद मेनारिया और प्रकाश मेनारिया की भी मौत हो चुकी है।

हादसे की भयावहता सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है। यह उन अधूरे सपनों की कहानी है, जो एक नई शुरुआत की उड़ान पर निकले थे लेकिन मंज़िल से पहले ही हमेशा के लिए थम गए। प्रतीक जोशी का परिवार अब केवल तस्वीरों और यादों में रह गया है।

सरकार और एयरलाइंस ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रधानमंत्री ने शोक जताते हुए सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *