वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का अमेरिका में निधन, पिता ने कहा– “जिंदगी का सबसे बुरा दिन”

Rahul Goshwami

नई दिल्ली :  वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। वे 49 वर्ष के थे। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस दुखद खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अमेरिका में स्कीइंग के दौरान हुए एक हादसे में अग्निवेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद न्यूयॉर्क स्थित माउंट साइनाई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

पिता के मुताबिक, उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा था, लेकिन इलाज के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया। यह खबर सामने आते ही उद्योग जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

“बेटे को खोने का दर्द शब्दों से परे”

अनिल अग्रवाल ने अपने भावुक संदेश में लिखा कि एक पिता के लिए अपने बेटे को विदा करना असहनीय पीड़ा है। उन्होंने कहा कि अग्निवेश सिर्फ उनके बेटे नहीं थे, बल्कि उनके मित्र, उनका गर्व और उनकी पूरी दुनिया थे। उन्होंने लिखा कि यह दुख उनकी कल्पना से भी परे है और वह तथा उनकी पत्नी किरण अग्रवाल इस क्षति से टूट चुके हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वेदांता समूह से जुड़े हजारों युवा उनके लिए अपने बच्चों की तरह हैं और उसी सोच से वे खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

समाजसेवा और आत्मनिर्भर भारत में था विश्वास

अनिल अग्रवाल ने बेटे की सोच को याद करते हुए कहा कि अग्निवेश आत्मनिर्भर भारत के प्रबल समर्थक थे। उनका मानना था कि देश में संसाधनों और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बेटे की स्मृति में अनिल अग्रवाल ने समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वे अपनी आय का बड़ा हिस्सा पहले की तरह समाज के कल्याण में लगाते रहेंगे और और भी सरल जीवन जीने का प्रयास करेंगे।

Read More : UN के 66 बड़े इंटरनेशनल संगठनों से अमेरिका बाहर, भारत के सोलर अलायंस को भी छोड़ा, अमेरिका फर्स्ट’ पर ट्रंप का बड़ा फैसला

खेल, संगीत और नेतृत्व में बनाई अलग पहचान

अग्निवेश अग्रवाल का जन्म 3 जून 1976 को पटना में हुआ था। एक मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अग्निवेश ने मेयो कॉलेज, अजमेर से शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने फुजैराह गोल्ड की स्थापना की और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे खेल, संगीत और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते थे।

वेदांता समूह की इकाई तलवंडी साबो पावर लिमिटेड के बोर्ड में भी वे सदस्य रहे।

परिवार में अब बेटी प्रिया अग्रवाल

अनिल अग्रवाल के परिवार में अब उनकी बेटी प्रिया अग्रवाल हैं, जो वेदांता बोर्ड की सदस्य और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन हैं। अनिल अग्रवाल मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखते हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *