Chhattisgarh Suspicious Death : बालोद में सनसनी: शादी से पहले खेत में मिली युवती की अधजली लाश, 1 अप्रैल को उठने वाली थी डोली

0
237

Chhattisgarh Suspicious Death : बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिचा में गुरुवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब गांव के बाहर एक खेत में एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान 22 वर्षीय लेलेश्वरी साहू के रूप में की गई है। सबसे दुखद पहलू यह है कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और अगले महीने 1 अप्रैल को युवती के हाथ पीले होने वाले थे।

खेत में जलते हुए हालत में मिला शव ग्रामीणों ने सुबह जब खेत की ओर रुख किया, तब उन्हें युवती का शव जली हुई अवस्था में मिला। घर से दूर इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लेलेश्वरी की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर घटना की सूचना मिलते ही अर्जुन्दा पुलिस की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए दुर्ग से फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं परिजनों के अनुसार, लेलेश्वरी की शादी तय हो चुकी थी और 1 अप्रैल को उसकी बारात आने वाली थी। घर में मेहमानों का आना-जाना और खुशियों का माहौल था, जो अब गहरे मातम में बदल गया है। पुलिस मृतका के कॉल डिटेल्स और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस का बयान अर्जुन्दा पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझाने का दावा कर रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here