Raipur News: रायपुर : रायपुर में पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए Chhattisgarh Environment Conservation Board ने पिछले 15 दिनों (10 फरवरी से 25 फरवरी) के दौरान 15 औद्योगिक इकाइयों को बंद करा दिया है। इन इकाइयों को उत्पादन रोकने के निर्देश दिए गए हैं और उनकी बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है। इसके अलावा तीन उद्योगों पर कुल 9.22 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी लगाई गई है।
Raipur News: मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय ने रायपुर जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम चरौदा स्थित में. पुष्प स्टील एंड माइनिंग प्रालि (पूर्व नाम इंडियन स्टील एंड पावर) में वायु प्रदूषण के गंभीर मामले पाए गए। इसी तरह सिलतरा स्थित मेसर्स एसकेए इस्पात प्रालि और उरला-गोंदवारा स्थित मे. छत्तीसगढ़ फेरो ट्रेडर्स में प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की अनदेखी मिलने पर वायु अधिनियम की धारा 31(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
Raipur News: रावांभाठा स्थित मेटल पार्क में सबसे बड़ी कार्रवाई की गई, जहां 11 इकाइयां बिना वैध अनुमति के संचालित हो रही थीं। इनमें नौ स्लैग क्रशर, एक बाइंडिंग वायर इकाई और एक स्टील फर्नीचर इकाई शामिल थीं। इन सभी पर जल और वायु प्रदूषण फैलाने के आरोप में तत्काल विद्युत विच्छेदन के आदेश जारी किए गए।
Raipur News: मंडल ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित उद्योग पर्यावरणीय मानकों और स्वीकृति की शर्तों का पूरी तरह पालन नहीं करेंगे, तब तक उन्हें दोबारा संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार निगरानी जारी रखने और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।











