CG NEWS : पलारी में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत, क्लिनिक से गांजा बरामद, 20 साल से बिना डिग्री चला रहा था अवैध अस्पताल – क्लिनिक सील, नोटिस जारी

Sanjay Sahu
CG NEWS

CG NEWS : धरसीवां/मोहम्मद याकुब :पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छेरकाडीह जारा में एक गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक को सील कर दिया। आरोपी पिछले लगभग 20 वर्षों से बिना किसी मेडिकल डिग्री के अवैध रूप से अस्पताल संचालित कर रहा था। संयुक्त टीम की कार्रवाई में क्लिनिक से भारी मात्रा में दवाइयां, प्रेग्नेंसी किट तथा चार-पांच पुड़िया गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।

CG NEWS : दो बार पहुंची क्लिनिक, दूसरी बार लौटी ही नहीं

CG NEWS : जानकारी के अनुसार, ग्राम छेरकाडीह जारा निवासी 25 वर्षीय गर्भवती इंदु साहू (पत्नी अजय साहू) को हल्की सर्दी-खांसी की शिकायत पर गुरुवार सुबह गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर जयंत साहू के क्लिनिक ले जाया गया। उस समय डॉक्टर के अनुपस्थित रहने पर वह वापस लौट आई। बाद में डॉक्टर के आने की सूचना मिलने पर वह दोबारा क्लिनिक पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

CG NEWS : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दवा लेने के लगभग 20 मिनट बाद उसके शरीर पर खून के धब्बे उभर आए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों द्वारा बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

CG NEWS : क्लिनिक पर छापा, दवाइयों के साथ गांजा भी जब्त

CG NEWS : मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम दीपक निकुंज एवं जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के निर्देश पर नायब तहसीलदार पंकज बघेल और बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर छापा मारा।जांच के दौरान क्लिनिक से बड़ी मात्रा में दवाइयां, प्रेग्नेंसी किट तथा चार-पांच पुड़िया गांजा बरामद किया गया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को सील कर दिया और आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

CG NEWS : बिना डिग्री 20 साल से कर रहा था इलाज

CG NEWS : प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री या लाइसेंस नहीं है। इसके बावजूद वह वर्षों से मरीजों का इलाज कर रहा था और ऐसी दवाइयों का उपयोग कर रहा था, जिन्हें केवल प्रशिक्षित एवं पंजीकृत चिकित्सक ही लिख सकते हैं। गर्भवती महिलाओं का इलाज करना और प्रेग्नेंसी किट रखना मामले को और गंभीर बनाता है।

CG NEWS : नायब तहसीलदार पंकज बघेल ने बताया कि मौके से अवैध दवाइयां एवं गांजा जब्त किया गया है और क्लिनिक को सील कर दिया गया है। बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

CG NEWS : झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप

CG NEWS : प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वालों में भय का माहौल है। कई लोगों ने अपने क्लिनिक अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे सभी झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान चलाया जाएगा।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *