M.P News : रीवा के अटल पार्क के पास NCC कैडेट्स से मारपीट, वीडियो वायरल

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के रीवा शहर से एक बार फिर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अटल पार्क के पास का बताया जा रहा है, जहां एनसीसी (NCC) की वर्दी पहने छात्रों के साथ कुछ युवकों ने सरेराह मारपीट की।

वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आधा दर्जन से अधिक युवक मिलकर कैडेट्स पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते दिखाई दिए।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

विंध्य की राजधानी रीवा में हाल के दिनों में मारपीट और झगड़े के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक स्थान पर एनसीसी वर्दी में छात्रों के साथ इस तरह की मारपीट से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस का बयान

सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि पीड़ित पक्ष शिकायत करता है, तो वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Read More : M.P News : मार्च में सभी अवकाश दिनों में खुलेंगे बिजली बिल भुगतान केंद्र

सोशल मीडिया पर आक्रोश

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

रीवा में बढ़ती सड़क हिंसा और वायरल हो रहे ऐसे वीडियो प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। अब देखना होगा कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *