PRSU Girls Hostel Contaminated Water : रविशंकर विश्वविद्यालय के कन्या छात्रावास में प्रबंधन की लापरवाही का शिकार हुईं छात्राएं, दूषित पानी पीने से हुईं बीमार

VIKASH KHALKHO

PRSU Girls Hostel Contaminated Water : रायपुर (20 फरवरी 2026): छत्तीसगढ़ की राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) से छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पानी पीने की वजह से एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित हो गई हैं। इनमें से दो छात्राओं की स्थिति अधिक बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए एम्स (AIIMS) रायपुर में भर्ती कराया गया है।

मूल विज्ञान केंद्र की छात्राएं सबसे अधिक प्रभावित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के मूल विज्ञान केंद्र (Center for Basic Sciences) की कई छात्राओं में पिछले कुछ दिनों से लगातार उल्टी, कमजोरी और शरीर का रंग पीला पड़ने जैसे लक्षण दिखाई दे रहे थे। जब छात्राओं की डॉक्टरी जांच कराई गई, तो उनमें पीलिया के संक्रमण की पुष्टि हुई। छात्रावास में बीमारी फैलने की खबर से हड़कंप मच गया है और संक्रमण के डर से कई छात्राएं हॉस्टल छोड़कर अपने घर लौट गई हैं।

लंबे समय से की जा रही थी शिकायत

हॉस्टल की छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि वे लंबे समय से पेयजल की खराब गुणवत्ता और पानी से आने वाली बदबू की शिकायत कर रही थीं। आरोप है कि प्रबंधन ने वाटर कूलरों की नियमित सफाई और पानी की तकनीकी जांच पर ध्यान नहीं दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज इतनी बड़ी संख्या में छात्राएं बीमार हुई हैं।

NSUI ने उठाई लैब जांच की मांग

इस घटना के बाद छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल पेयजल की लैब जांच कराने और छात्रावासों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि जब तक पानी के स्रोतों की सफाई और जांच नहीं होती, तब तक संक्रमण फैलने का खतरा बना रहेगा।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *