MP NEWS :शाजापुर :शाजापुर जिले के गुलाना विद्युत वितरण केंद्र से एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां विद्युत विभाग के स्टोर रूम से लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया, मगर हैरानी की बात यह है कि कमरे का ताला न टूटा, न ही कुंडी खुली – फिर भी चोरी हो गई!
MP NEWS :जानकारी के मुताबिक, चोरी हुए सामान में 200 केवी के कटआउट, 250 फ्यूज, कंडक्टर और वायर स्टार्टर शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। चोरी का यह मामला तब सामने आया जब कनिष्ठ यंत्री द्वारा पुलिस को लिखित सूचना दी गई कि विभागीय सामग्री चोरी हो गई है। लेकिन जब मीडिया को घटना की जानकारी मिली और पत्रकार कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे, तो विभाग के कुछ कर्मचारियों ने चोरी की घटना से ही इनकार कर दिया।
MP NEWS :मौके पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि कोई चोरी नहीं हुई है, जबकि विभाग के कनिष्ठ यंत्री स्वयं मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा चुके हैं। इससे विभागीय रवैए पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
MP NEWS :स्थानीय सूत्रों की मानें तो चोरी की यह घटना किसी अंदरूनी मिलीभगत का नतीजा हो सकती है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि चोरी गए सामान के कमरे में ताला ज्यों का त्यों है, जिससे संदेह गहराता जा रहा है कि यह कोई भीतरघात या सुनियोजित साजिश हो सकती है। इस बीच विभाग की ओर से मामले को दबाने की कोशिशें भी सामने आ रही हैं। न तो कोई स्पष्ट जवाब दिया जा रहा है और न ही उच्च अधिकारियों ने अब तक कोई जांच कमेटी गठित की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन जब तक विभाग ईमानदारी से सहयोग नहीं करता, तब तक इस चोरी की गुत्थी सुलझना आसान नहीं लगता।
READ MORE: Mungeli News :भाजपा सरकार के युक्ति युक्तकरण नीति को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने किया विरोध













