Sunday, August 16, 2026
Home Chhattisgarh OP Choudhary Balodabazar Youth Dialogue : युवा ही हैं परिवर्तन के असली...

OP Choudhary Balodabazar Youth Dialogue : युवा ही हैं परिवर्तन के असली वाहक; वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को दिए भविष्य निर्माण के टिप्स

OP Choudhary Balodabazar Youth Dialogue : बलौदाबाजार (09 फरवरी 2026): प्रदेश के वित्त मंत्री और युवाओं के बीच ‘यूथ आइकॉन’ के रूप में लोकप्रिय ओ.पी. चौधरी सोमवार को बलौदाबाजार के जिला ऑडिटोरियम में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय बजट 2026-27 के संदर्भ में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक के संघर्षपूर्ण सफर को साझा किया और युवाओं को दृढ विश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आभाव बाधा नहीं, बल्कि अवसर हैं

वित्त मंत्री ने युवाओं से कहा कि अगर कुछ बनने की ठान ली जाए, तो विपरीत परिस्थितियाँ कभी बाधा नहीं बनतीं। उन्होंने जोर देकर कहा, “युवा केवल डिग्री गिनने के लिए पढ़ाई न करें, बल्कि ऐसी पढ़ाई करें जो जीवन की योजना से जुड़ी हो। आलोचनाओं की परवाह करना छोड़ें और अपनी क्षमता का विस्तार कर भविष्य का खाका खींचें।”

विकसित भारत @2047 का विजन

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है, तब हमारी अर्थव्यवस्था 30 से 40 ट्रिलियन डॉलर की होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में एआई (AI), रेलवे, रेयर अर्थ, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया गया है, जो युवाओं के लिए अनंत अवसर पैदा करेगा।

रोजगार और सम्मान का संगम

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बजट को युवाओं के लिए ‘गेम चेंजर’ बताया। इस अवसर पर ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान के तहत 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले की 10 नव नियुक्त महिला आरक्षकों, मल्लखंभ और क्रिकेट के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

जिज्ञासाओं का समाधान

संवाद के दौरान वित्त मंत्री ने युवाओं के तीखे और रोचक सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज के दौर में केवल सरकारी नौकरी ही सफलता का मापदंड नहीं है; खेल, स्टार्टअप और निजी क्षेत्रों में भी समाज सेवा और बेहतरीन करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिलेश सोनी, और जिला अध्यक्ष आनंद यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here