Indore Aerodrome Murder Case : इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक पति द्वारा अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने न केवल इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया, बल्कि खुद को बचाने के लिए नाटक करते हुए शव को अस्पताल भी ले गया।
9 जनवरी की सुबह हुए इस विवाद के बाद आरोपी माधव चौहान ने अपनी पत्नी का गला दबा दिया। जब पत्नी अचेत हो गई, तो वह उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुँचा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने जब छानबीन शुरू की, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव और चोट के निशान मिलने से शक की सुई पति की ओर घूम गई।
एडिशनल डीसीपी लालकृष्ण चांदनी के अनुसार, आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने हत्या की वजह वैवाहिक संबंधों में आ रही खटास और मानसिक तनाव को बताया। पुलिस ने आरोपी माधव चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।











