Deer Death Bargawan Range : सिंगरौली। जिले के बरगवां वन परिक्षेत्र के झुरही क्षेत्र में एक हिरण का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है। सड़क किनारे मिले इस बेजुबान के शव ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है, वहीं वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों में विभाग की शिथिलता को लेकर भारी आक्रोश है।
प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि हिरण या तो शिकारियों का शिकार हुआ है या फिर किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग मौत के सटीक कारणों को लेकर चुप्पी साधे हुए है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरगवां रेंज में जंगली जानवरों की रहस्यमयी मौतें अब आम बात हो गई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में वन विभाग की गश्त केवल कागजों तक सीमित है। नियमित निगरानी न होने के कारण शिकारी सक्रिय हैं और बेखौफ होकर वन्यजीवों को निशाना बना रहे हैं। साथ ही, जंगल के बीच से गुजरने वाली सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने में भी विभाग पूरी तरह विफल साबित हुआ है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन अमले की मुस्तैदी पर सवालिया निशान लगा दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक निगरानी और सुरक्षा के अभाव में बेगुनाह जंगली जानवर दम तोड़ते रहेंगे? क्या विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है या फिर शिकारियों के साथ साठगांठ की कोई और कहानी है? फिलहाल, ग्रामीण और वन्यजीव प्रेमी इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













