Leopard Attack : कटनी (विजयराघवगढ़)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र के घुनोर गांव में मंगलवार को एक तेंदुए ने 10 वर्षीय मासूम बालक को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, घुनोर गांव निवासी 10 वर्षीय बालक अपने घर के पास खेत के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और बच्चे को दबोचकर जंगल की ओर खींच ले गया। परिजनों और ग्रामीणों के शोर मचाने के बावजूद तेंदुआ बच्चे को झाड़ियों में ले गया। बाद में वन विभाग की मौजूदगी में तलाशी के दौरान मासूम का शव बरामद हुआ, जिसकी तेंदुए के हमले से मौत हो चुकी थी।
ड्रोन और पगमार्क से सर्च ऑपरेशन: घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरों के माध्यम से घने जंगलों और झाड़ियों में तेंदुए की तलाश कर रही है। साथ ही, जमीन पर तेंदुए के पगमार्क (पैरों के निशान) के आधार पर उसकी मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है ताकि उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश: इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में काफी समय से जंगली जानवरों की हलचल थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और वन विभाग की टीम तैनात है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और बच्चों को घरों से बाहर न निकलने दें।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को शासन के नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।











