Friday, October 2, 2026
Home Madhya Pradesh Jabalpur Jabalpur RTO : आरटीओ की ‘वसूली’ से तंग आकर चालक ने हाईवे...

Jabalpur RTO : आरटीओ की ‘वसूली’ से तंग आकर चालक ने हाईवे पर आड़ा किया ट्रक, लगा भीषण जाम

Jabalpur RTO : जबलपुर (शहपुरा)। जबलपुर-शाहपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरटीओ उड़न दस्ते की कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में है। हाईवे पर चेकिंग के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली से तंग आकर एक ट्रक चालक ने शनिवार को विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। चालक ने बीच सड़क पर अपना ट्रक आड़ा खड़ा कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में ट्रक चालक की नाराजगी साफ देखी जा सकती है। चालक का आरोप है कि आरटीओ का उड़न दस्ता इस मार्ग पर आने-जाने वाले ट्रकों को रोककर उनसे प्रति ट्रक 1200 रुपये की अवैध वसूली कर रहा था। बार-बार की जा रही इस वसूली से परेशान होकर चालक ने अपना आपा खो दिया और विरोध स्वरूप मुख्य मार्ग को ही बाधित कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ट्रक चालकों ने आरटीओ के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

Jabalpur RTO : हाइवे पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही पाटन एसडीओपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ट्रक चालकों को समझा-बुझाकर शांत कराया और क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यात्री बसें और अन्य मालवाहक वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Jabalpur RTO : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि उड़न दस्ते की प्रभारी से इस संबंध में चर्चा की गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हाईवे पर किसी भी चालक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। एएसपी ने बताया कि वसूली के आरोपों की जांच की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Jabalpur RTO : उल्लेखनीय है कि शहपुरा क्षेत्र में आरटीओ अधिकारियों पर वसूली के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। ट्रांसपोर्ट यूनियनों का कहना है कि कागजात पूरे होने के बावजूद डरा-धमकाकर पैसे वसूले जाते हैं। यूनियनों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि हाईवे पर इस तरह की ‘गुंडागर्दी’ पर तत्काल रोक लगाई जाए। चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो वे पूरे जिले में ट्रकों के पहिए थाम देंगे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here