MP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल! 780 नए ब्लॉक अध्यक्ष घोषित, जीतू पटवारी द्वारा लिस्ट जारी

0
100
jitu patwari
एमपी में 780 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति

भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशभर में 780 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। यह नियुक्तियां मंगलवार देर रात प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद की गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की आधिकारिक सूची जारी की है।

जिलाध्यक्षों के बाद ब्लॉक स्तर पर विस्तार
कांग्रेस संगठन में यह नियुक्तियां जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद की गई हैं। पार्टी ने प्रदेश के कुल 1100 संगठनात्मक ब्लॉक और उप-ब्लॉक में से फिलहाल 780 पदों पर नियुक्तियां की हैं, जिनमें लगभग 325 उप-ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हैं। लंबे इंतजार के बाद जारी की गई इस सूची को संगठनात्मक संतुलन की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Read More : MP Assembly Special Session : आज मध्य प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र , 2047 विजन सहित इन मुद्दों पर होगा व्यापक मंथन

संगठन सृजन अभियान से जुड़ी रणनीति
सूत्रों के अनुसार यह सूची संगठन सृजन अभियान के तहत पचमढ़ी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग से पहले जारी की जानी थी, लेकिन संभावित विवादों और आपत्तियों से बचने के लिए इसे स्थगित कर दिया गया था। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के करीब 122 दिन बाद अब यह सूची सार्वजनिक की गई है।

उम्र और अनुभव का संतुलित चयन
इस नियुक्ति प्रक्रिया की खास बात यह है कि इसमें उम्र के लिहाज से संतुलन रखा गया है। अधिकांश ब्लॉक अध्यक्षों की आयु 50 वर्ष से कम है, जबकि लगभग 60 प्रतिशत पदाधिकारी 35 से 45 वर्ष के आयु वर्ग से आते हैं। करीब 80 प्रतिशत ब्लॉक अध्यक्षों को पहली बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से जमीनी स्तर पर युवाओं को नेतृत्व का अवसर मिलेगा और संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। वर्तमान में प्रदेश में 71 संगठनात्मक जिले हैं। ब्लॉक स्तर की नियुक्तियों के बाद अब पार्टी जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसमें इस बार सीमित और संतुलित ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here